Skip to main content

Happy Diwali



दिवाली आई और चली गई
पर दादी की याद आई
और आकार ही रह गई
याद आती है दादी
जब दिवाली पूजन के बाद
मिठाई से भरी थाली
हाथ में थमाते हुए कहा था
चलो सभी को प्रसाद देकर आते हैं
और मैंने कहा था नहीं
मेरी मिठाई ख़त्म हो जायेगी...
और उन्होंने कहा था
अरे! बेटा ये मिठाई नहीं
प्रसाद है लक्ष्मी जी का
इसको बांटने से
प्रेम बढ़ता है,
और सभी देवता प्रसन्न होते हैं
प्रेम क्या होता है?
देवता क्या होते हैं?
ये सवाल नहीं समझ आते थे
पर दादी के साथ चल दिया
और देखा था उस दिन
कितने आतुर होकर
मिले थे लोग....
उनके आँखें चमक जाती थी
दूर से ही देखकर
आवाज में क्या खनक थी
अरे मुन्ना प्रसाद लेकर आया है..…..

आज याद आती है बहुत
आज भी चमकती है आंखें
पर मोबाइल की स्क्रीन पर....

भर गया है मोबाइल
तरह तरह के व्यंजनों से..

आँखों में लक्ष्मी का वास है
पर नदारद है प्रेम की झलक
सोचता हूँ .....
मोबाइल में स्विच ऑफ का बटन है
पर मन का बटन कहीं खो गया है.....

धर्मेन्द्र भारद्वाज 

Comments

  1. सच में,आपकी कविता ने बचपन की याद दिला दी।

    ReplyDelete
  2. धन्यवाद मेडम, आपसे बहुत सीखा है ।

    ReplyDelete

Post a Comment